पंजाब में रिश्तों का कत्ल हुआ है। एक कलयुगी बेटे ने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना पंजाब के खडूर साहिब की है। भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित गांव रत्तोके हवेलियां में बुधवार रात एक बेटे ने अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना खेमकरन के प्रमुख सब इंस्पेक्टर गुरिंदर सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों के बयान दर्ज किए। जिसके बाद आरोपी जरनैल सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई।
रत्तोके हवेलियां निवासी किसान हरजिंदर सिंह से उसके बेटे जरनैल सिंह ने कुछ पैसे मांगे। पिता ने पैसे देने से मना कर दिया। इसके बाद पिता-पुत्र में मामूली कहासुनी हो गई। अचानक तैश में आए बेटे जरनैल सिंह ने कमरे में पड़ी लाइसेंसी राइफल उठाई और घर के आंगन में अपने पिता हरजिंदर सिंह की छाती में गोली मार दी। हरजिंदर सिंह को तुरंत क्षेत्र के निजी अस्पताल ले जाया गया।
जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। किसान हरजिंदर सिंह के दामाद गुरजंट सिंह ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जरनैल सिंह मौके से फरार हो गया।
